आग से 10 किसानों की 44 बीघा फसल नष्ट
गांव जाब्ता नगर में खेतों में आग लगने से 10 किसानों की करीब 44 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। इसमें 40 बीघा गन्ने की फसल एवं चार बीघा गेहूं की फसल शामिल है। इन दिनों चल रही तेज हवा के कारण आग इतने बड़े क्षेत्र में तेजी से फैल गई। आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। किसानों ने मुआवजे की मांग की है। वहीं स्योहारा में भी उपलों के बिटौरों में और नींदड़ू में कूड़ी में आग लग गई।
जेएनएन, बिजनौर। गांव जाब्ता नगर में खेतों में आग लगने से 10 किसानों की करीब 44 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। इसमें 40 बीघा गन्ने की फसल एवं चार बीघा गेहूं की फसल शामिल है। इन दिनों चल रही तेज हवा के कारण आग इतने बड़े क्षेत्र में तेजी से फैल गई। आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। किसानों ने मुआवजे की मांग की है। वहीं स्योहारा में भी उपलों के बिटौरों में और नींदड़ू में कूड़ी में आग लग गई।
रेहड़ के गांव जाब्ता नगर में बुधवार देर शाम एक खेत में आग लग गई। ग्रामीणों की सूचना पर किसान मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग ने आसपास के दस किसानों के खेतों को चपेट में ले लिया। घटना में जाब्तानगर निवासी किसान सत्येंद्र की सात बीघा गन्ने की फसल, सतवीर की पांच बीघा, बाबूराम की 10 बीघा, राजेश, धर्मपाल और विजयपाल की पांच बीघा, राजेश की चार बीघा और सुभाष चौहान की नौ बीघा गन्ने की फसल जल गई। वहीं विजयपाल और गजराज सिंह की दो-दो बीघा गेहूं की फसल नष्ट हो गई। काफी देर बाद विजयपाल के खेत के पास स्थित नाले पर आग शांत हुई। सूचना पर हलका लेखपाल प्रमोद कुमार ने गुरुवार को निरीक्षण कर रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी है। किसानों को उचित मुआवजे का आश्वासन दिया है।
स्योहारा : गांव मनसूर सराय स्थित एक बस्ती में कुछ लोगों के उपलों के बिटौरे बने हुए हैं। बुधवार शाम यहां भी अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसमें मायावती, जसराज, बाबूराम, राजबीर, रामगोपाल, महावीर, कमलेश आदि के बिटोरे जल कर राख हो गए। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। वहीं नींदड़ू में गुरुवार को किसी ग्रामीण ने चूल्हे की गर्म राख गांव में कूड़ी पर डाल दी, जिससे आग फैल गई। दमकल ने आग को बुझाया।