हर घर फहरेगा तिरंगा, राष्ट्रप्रेम की जागृत होगी भावना
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने स्वतंत्रता
हर घर फहरेगा तिरंगा, राष्ट्रप्रेम की जागृत होगी भावना
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम की बुधवार को समीक्षा की। कहा प्रत्येक भारतीय को अपने घर एवं प्रतिष्ठानों पर झंडा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा। इसका प्रमुख उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना है। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र ने कहा काशी नरेश स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम से स्वतंत्रता दिवस सप्ताह का शुभारंभ किया जाएगा। 12 अगस्त को जिला पूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में गैस सिलेंडर पर तिरंगा स्टीकर चस्पा किया जाएगा। 13 अगस्त से हर घर तिरंगा कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा।
पंचायत भवनों में लाइटिंग आदि का कार्यक्रम होगा। 14 अगस्त को सभी तहसीलों में तिरंगा किसान यात्रा का आयोजन किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को सुबह सात बजे क्रास कंट्री रेस होगी। 16 अगस्त को ग्राम प्रधानों एवं सचिवों द्वारा पंचायत सचिवालयों एवं नगर पंचायतों में तिरंगा गोष्ठी सम्मेलन व बैठकों का आयोजन होगा। 17 अगस्त को गांव से लेकर जनपद तक तिरंगा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन करते हुए विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान करने वाले विभूतियों को जनपद मुख्यालय पर सम्मानित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिवनारायाण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती, उप जिलाधिकारी योगेंद्र कुमार आदि थे।