नहीं मिल रहा कंप्यूटर शिक्षा का लाभ
हाईटेक होती निजी विद्यालयों की व्यवस्था संग कदमताल को परिषदीय पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में नौनिहालों को कंप्यूटर शिक्षा दिए जाने के लिए उपलब्ध कराए गए कंप्यूटर अफसरों के दफ्तर में शोभा बढ़ा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : परिषदीय स्कूलों को हाईटेक करने के लिए उपलब्ध कराए गए कंप्यूटर का लाभ बच्चों को नहीं मिल रहा है। कहीं अनुदेशक की कमी तो कहीं सिस्टम की खराबी से वह उपयोग में नहीं आ रहा है।
परिषदीय विद्यालयों में नौनिहालों को कंप्यूटर शिक्षा देने के लिए 80 स्कूलों में कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए थे। मंशा थी कि इससे बच्चों को कंप्यूटर की शिक्षा मिल सकेगी। जबकि मौजूदा समय में स्थिति यह है कि अधिकतर स्कूलों में कंप्यूटर नहीं चल रहे हैं। कहीं वह धूल खा रहे हैं तो किसी विद्यालय का कंप्यूटर किसी अधिकारी के दफ्तर में पहुंचकर शोभा बढ़ा रहे है। इसकी शिक्षा देने के लिए तैनात अुनदेशक भी विद्यालय के बजाय बीआरसी पर दिखाई पड़ रहे हैं। इससे कंप्यूटर शिक्षा फेल होती दिख रही है।