भंडारण न होने से केंद्रों पर खरीद धीमी
जागरण संवाददाता, सुरियावां(भदोही) : शासन की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल गेहूं खरीद विभागीय अधिकारि
जागरण संवाददाता, सुरियावां(भदोही) : शासन की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल गेहूं खरीद विभागीय अधिकारियों के लापरवाही के भेंट चढ़ गई है। आलम यह है कि भंडारण के लिए गोदामों की व्यवस्था न होने पर हजारों एमटी अनाज खुले आसमान के नीचे रखा हुआ है। बारिश हुई तो सरकार को लाखों का नुकसान होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। केंद्रो पर स्थान की कमी के चले खरीद की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है।
अन्न्दाता की ओर से हाड़तोड़ मेहनत कर इस वर्ष अच्छा उत्पाद प्राप्त किया गया है। जिससे जिले की गोदामों में लक्ष्य के सापेक्ष अच्छी खरीददारी की गई है। क्रय केंद्र निर्धारण के लिए शासन की ओर से मानक तय किए गए हैं। केंद्रों पर गेहूं खरीद तो कर लिया जा रहा है लेकिन उसे सुरक्षित रखने के लिए भंडारण की व्यवस्था नहीं किया गया है। सुरियावां में एक प्राइवेट गोदाम में भंडारण किया जा रहा था। केंद्र पर अनाज रखने का लक्ष्य दो हजार एमटी था। लक्ष्य के सापेक्ष दो सौ एमटी अधिक खरीद हो जाने से गोदाम में रखने का स्थान नहीं रह गया। केंद्र प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि गोदाम भर जाने की वजह से क्रय किए जा रहे अनाज को बाहर रखने की विवशता है। खुले आसमान में रखे अनाज की सुरक्षा को लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही अनाज को सुरक्षित भंडारण के गोदामों में पहुंचा दिया जाएगा।