युद्ध में मारा गया रावण, राम का राज्याभिषेक
जागरण संवाददाता चौरी (भदोही) क्षेत्र के लठिया गांव में शिव रामलीला समिति के तत्वावधान में
जागरण संवाददाता, चौरी (भदोही) : क्षेत्र के लठिया गांव में शिव रामलीला समिति के तत्वावधान में चल रहे नौ दिवसीय रामलीला के अंतिम दिन मंगलवार की रात राम-रावण युद्ध, श्रीराम सहित चारों भाइयों के मिलन व राज्याभिषेक की लीला संपन्न कराई गई। रामलीला स्थल पर देररात तक डटे दर्शक जय श्रीराम का जयघोष करते रहे।
मंचन में दिखाया गया कि अहिरावण वध का समाचार सुनते ही रावण दुखी हो उठा। वह स्वयं रणभूमि में युद्ध के लिये जाने का निर्णय लेता है। युद्ध भूमि में रामादल के योद्धाओं से रावण का महासंग्राम होता है। युद्ध के दौरान राम के हाथों रावण मारा जाता है। फिर राम-लक्ष्मण सीता वापस अयोध्या आते हैं। जहां चारों भाइयों का मिलन संपन्न होता है। इसके पश्चात समारोहपूर्वक राम का राज्याभिषेक होता है। यहीं रामलीला मंचन समाप्त कर दिया जाता है। रामलीला समिति के अध्यक्ष सच्चिदानंद त्रिपाठी ने मंचन में कलाकारों, ग्रामीणों व अन्य सभी से मिले सहयोग पर आभार जताया। इस मौके पर सच्चिदानंद त्रिपाठी, धीरज दुबे, भोले तिवारी, राहुल तिवारी, जगदीश यादव, सूरज शर्मा, अमरकांत तिवारी, मोनू तिवारी आदि थे।