ओवरब्रिज के कार्य में देरी पर प्रोजेक्ट मैनेजर ने ठेकदार को लगाई क्लास
जागरण संवाददाता भदोही उप्र राज्य सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर आरएस उपाध्याय ने गुरुवार क
जागरण संवाददाता, भदोही : उप्र राज्य सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर आरएस उपाध्याय ने गुरुवार को गजिया ओवरब्रिज की निर्माण प्रगति का जायजा लिया। आरिवाल (ढलान) कार्य में लेटलतीफी कर रहे ठेकेदार को जमकर क्लास लगाई। कहा शासन स्तर से निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का दबाव है। ब्रिज का मुख्य कार्य संपन्न हो चुका है जबकि 90 मीटर आरिवाल का काम शेष है इसमें ठेकेदार द्वारा विलंब किया जा रहा है। निर्देश दिया मजदूरों की संख्या बढाकर 15 फरवरी तक काम पूरा करें। उधर रेलवे ट्रैक के पास सीढ़ी निर्माण के लिए गुरुवार से खोदाई का कार्य प्रारंभ हो गया। पैदल राहगीरों के लिए ट्रैक के दोनों तरफ सीढि़यों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए एक माह का समय निर्धारित किया गया है। कहा दोनों ओर सीढि़यों का निर्माण कराने के बाद सेतु निगम का काम समाप्त हो जाएगा।
पुल के अंतिम आधार यानि बीम का कार्य करीब डेढ़ माह पहले समाप्त हो गया था। इसके बाद आरिवाल का काम शुरू किया गया। कार्यदाई संस्था की लेटलतीफी के कारण स्थानीय दुकानदारों में पनप रहे रोष को देखते हुए 18 जनवरी को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए एसडीएम अश्विनी पांडेय ने 20 जनवरी को निरीक्षण कर ठेकेदार की क्लास लगाई थी। निर्माण एजेंसी को नोटिस भी जारी किया गया था। इसके दो चार दिन तक तो तेजी देखी गई लेकिन पुन: कार्य की प्रगति मंद हो गई। गुरुवार को भदोही आए प्रोजेक्ट मैनेजर ने ठेकेदार को चेतावनी पत्र जारी किया।