बाहरियों ने करा दिया भदोही में बवाल
नागरिकता संसोधन कानून के विरोध को लेकर भदोही में हुए बवाल में बाहरी भी शामिल थे। जनपद सीमा पर स्थित जौनपुर बनारस और प्रयागराज से भी उपद्रवियों को शामिल होने से इनकार नहीं किया जा सकता है।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : नागरिकता संशोधन कानून के विरोध को लेकर भदोही में हुए बवाल में बाहरी भी शामिल थे। जनपद सीमा पर स्थित जौनपुर, बनारस और प्रयागराज से भी उपद्रवियों को शामिल होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। उन्हें पकड़ने के लिये पुलिस अब अपना जाल बिछा रही है। 59 पोस्टर जारी हुए थे, इसमें 24 की पहचान हो चुकी है लेकिन बाकी चेहरे बाहरी हैं। इसलिये मामला पकड़ में नहीं आ रहा है।
भदोही में 20 दिसंबर को जुमे की नमाज अदा करने के बाद सीएए के विरोध में उपद्रव कर दिया गया था। इस मामले में 17 नामजद उपद्रवियों के खिलाफ संगीन धारा में मामला दर्ज किया गया था जबकि अन्य के खिलाफ शांति भंग में चालान किया गया था। 150 अज्ञात के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। डीएम राजेंद्र प्रसाद की संस्तुति पर तीन उपद्रवियों पर रासुका की भी कार्रवाई की गई है। अज्ञात उपद्रवियों का पता न लगने पर 59 के पोस्टर भी जारी किए गए थे। इसमें से अब तक 24 उपद्रवियों की पहचान हो चुकी है। उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी की जा रही है। इसके बाद भी अभी तक अन्य आरोपितों की पहचान नहीं हो पा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इसमें से अधिकसंख्य चेहरे भदोही नगर से बाहर के हैं। इसलिए पहचान करना मुश्किल हो गया है। एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि उपद्रवियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। उपद्रव में कुछ बाहर से भी युवक आ गए थे जिनकी पहचान करने में दिक्कत हो रही है। पहचान करने का सिलसिला लगातार जारी है।