मक्खी मिलने पर नष्ट कराई एक क्विंटल छेने की मिठाई
खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ शुक्रवार
मक्खी मिलने पर नष्ट कराई एक क्विंटल छेने की मिठाई
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ शुक्रवार को सहायक आयुक्त खाद्य चंदन पांडेय के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया। विभागीय टीम ने मिठाई व दूध के सात नमूने लिए तो मक्खी मिलने पर एक क्विंटल छेने की मिठाई को नष्ट कराया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी व अन्य कर्मियों ने महराजगंज बाजार में साईं भोग स्वीट हाउस की जांच की। छेने की बनाकर रखी गई मिठाई में मक्खियां पड़ी मिली। इससे टीम ने पूरी मिठाई नष्ट करा दी। छेने के रसगुल्ले का नमूना भी संकलित कर जांच के लिए भेजा गया। इसी तरह गोपीगंज एवं भदोही नगर में विभिन्न स्थानों पर दूध के छह नमूने लिए गए। कहा जांच रिपोर्ट आने पर मिलावट की पुष्टि हुई तो मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद वर्मा, ज्ञानेंद्र पाल सिंह चंदेल, जेपी गुप्ता, रामसूरत यादव सहित पुलिस के जवान थे।