बच्चों संग लूडो खेल व टीवी, मोबाइल पर बिताया दिन
साप्ताहिक लाकडाउन में शनिवार को लोगों ने अपने-अपने तरीके समय व्यतीत किया। बीते साल के लाकडाउन का अनुभव होने के कारण अधिक लोगों गो अधिक दिक्कत नहीं उठानी पड़ रही है।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर(भदोही): साप्ताहिक लाकडाउन में शनिवार को लोगों ने अपने-अपने तरीके समय व्यतीत किया। बीते साल के लाकडाउन का अनुभव होने के कारण अधिक लोगों गो अधिक दिक्कत नहीं उठानी पड़ रही है। अधिसंख्य लोग बच्चों के साथ समय व्यतीत किया। टीवी, मोबाइल में भी कई लोग व्यस्त रहे। वहीं, बच्चों ने पूरा दिन खेलने-कूदने में बिताया। पाबंदी तो सिर्फ बेवजह घर से बाहर न निकलने पर थी। पूरे दिन घर पर रहे लोगों को बीते साल लगे लाकडाउन की याद आ गई। उस समय अपनों को कैसे साधे रखा।
गोपीगंज निवासी सुभाष श्रीवास्तव का कहना है कि पिछले साल कोरोना संक्रमण की दस्तक थी, कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि क्या होगा? तब लाकडाउन का अंदाजा नहीं था, मगर कुछ विषम परिस्थितियों का अंदेशा हो गया था। लेकिन, राशन व जरूरत का सामान नहीं जुटा सके थे। इस बार शासन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है, इसीलिए दिक्कत नहीं हुई। पूरा दिन घर पर ही बिताया। आम दिनों में व्यायाम नहीं कर पाते थे, लाकडाउन में किया। अच्छा महसूस हुआ। बच्चों के साथ पूरे दिन घर में रहकर उनके साथ खेल कूद में व्यस्त रहे। अधिवक्ता बंशीधर गुप्ता ने बताया कि शनिवार को शहर का माहौल बिल्कुल कर्फ्यू जैसा था। कभी सोचा नहीं था कि फिर से ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ेगा। पूरा दिन घर में ही पत्नी और बेटे संग गुजारा। काफी समय बाद फुर्सत महसूस की।