केवाईसी एप से जान सकेंगे प्रत्याशी पर कितने मुकदमे
जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) विधानसभा चुनाव में हर मतदाता अपने प्रत्याशी के बारे में जा
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : विधानसभा चुनाव में हर मतदाता अपने प्रत्याशी के बारे में जानकारी चाहता है कि उसकी प्रवृत्ति क्या है। वह मालदार है या सामान्य वर्ग से है। अपराधी है या शरीफ। इस बार आयोग ने मतदाताओं की यह अभिलाषा भी पूरी कर दी है। आयोग ने केवाईसी (नो यौर केंडीडेट) एप लांच कर दिया है। नामांकन के बाद मतदाता इसे अपने मोबाइल में अपलोड कर सकेंगे और अपने क्षेत्र के प्रत्याशी की कुंडली घर बैठे देख सकते हैं। वोटर हेल्पलाइन एप पर भी मतदाताओं को किसी भी विधानसभा क्षेत्र के बारे में नामांकन बाद उसकी प्राथमिक जानकारी मिल सकती है। आयोग ने सिविजिल एप पर शिकायत की व्यवस्था भी की है। कैसे करना है एप अपलोड
अपने मोबाइल के प्ले स्टोर से केवाइसी एप डाउनलोड कर आप विश्वनीय जानकारी ले सकते हैं। एप खोलते ही अब तक नामांकन कर चुके सभी प्रत्याशियों का विवरण आपके सामने होगा। आपराधिक इतिहास है या नहीं, यह पेज पर नजर आएगी। प्रत्याशी के नाम पर क्लिक करते ही उसके बारे में जानकारी सामने होगी। वहीं शपथ पत्र का भी लिक मिलेगा उस पर क्लिक करते ही प्रत्याशी के बारे में सब कुछ मिल जाएगा। उनके परिवार की स्थिति, आर्थिक स्थिति, प्रत्याशी के नाम चल, अचल संपत्ति का विवरण, पेशा, आपराधिक इतिहास सहित अन्य जानकारियां होंगी। सिविजिल एप भी होगा कारगर
चुनाव आयोग ने सिविजिल एप में आनलाइन शिकायत की भी व्यवस्था की है। शिकायतकर्ता आचार संहिता का उल्लंघन होते या अत्यधिक खर्च होते देख इसकी शिकायत कर सकते हैं। पहले शिकायत करने पर जांच करने वाली टीम को सबूत नहीं मिल पाता था लेकिन एप में इस तरह की व्यवस्था की गई है। इसमें एप के सहारे फोटो ले सकते हैं, या दो मिनट का वीडियो भी बना सकते हैं। उसके बाद घटना के बारे में थोड़ी जानकारी देकर एप के जरिए ही शिकायत सबमिट कर देनी होगी। एप स्वत: ही लोकेशन दर्ज कर लेगा।
----
चुनाव आयोग ने इस चुनाव में नई व्यवस्था दी है। दोनों एप के जरिए लोगों को काफी कुछ सहूलियत होगी। इसमें प्रशासन को भी मदद मिलेगी।
- शैलेंद्र मिश्र, उप जिला निर्वाचन अधिकारी