जाम ने बिगाड़े काम, भदोही-चौरी रोड पर लंबी कतार
जोरदार लगन के बीच शुक्रवार को सड़कें वाहनों से पट गई। देर शाम लगभग सभी प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति रही। यहां तक कि भदोही-ज्ञानपुर मार्ग पर जाम की चपेट में आ गया। नेशनल तिराहे से मूंसीलाटपुर तक वाहनों की कतार लगी रही।
जासं, भदोही : जोरदार लगन के बीच शुक्रवार को सड़कें वाहनों से पट गई। देर शाम सभी प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति रही। भदोही से ज्ञानपुर मार्ग जाम की चपेट में आ गया। नेशनल तिराहे से मूंसीलाटपुर तक वाहनों की कतार लगी रही। पुलिस ने वाहनों को पास कराया। इसी तरह भदोही-दुर्गागंज सहित अन्य मार्ग भी शुक्रवार की शाम तक जाम की जद में रहे। उधर भदोही-चौरी मार्ग गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी बाधित रहा। मोरवा पुल के पास फंसा खराब हुआ ट्रक शुक्रवार को भी हटाया नहीं जा सका। एक लेन से वाहनों का आवागमन होता रहा, लेकिन शाम को वाहनों का दबाव बढ़ते ही यह राजमार्ग भी जाम की चपेट में आ गया। ट्रक को जेसीबी से किनारे करवा दिया है। फिर भी यातायात समस्या बनी है। जोरदार लगन के कारण शुक्रवार की शाम बारात वाहनों का दबाव बढ़ते ही यातायात व्यवस्था छितरा गई। उधर जौनपुर-मीरजापुर बाइपास मार्ग पहले से ही जाम से जूझ रहा है। आज दोपहर इंदिरा मिल से चौरी बाजार तक वाहनों की कतार लग गई। तीन घंटे तक वाहनों के पहिए जाम रहे। उधर भदोही-ज्ञानपुर मार्ग शुक्रवार की शाम उस समय जाम की चपेट में आ गया जब मूंसीलाटपुर के पास एक ट्रैक्टर बीच सड़क पर खराब हो गया। नेशनल कालेज तक वाहनों की कतार लग गई।