मारा गया रावण, गूंजा जय श्रीराम का उद्घोष
जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयदशमी रविवार को जिले मे
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयदशमी रविवार को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जगह-जगह आयोजित विजय दशमी मेले में राम-रावण युद्ध का प्रदर्शन हुआ। अंतत: रावण का वध कर प्रतीक पुतला फूंककर अहंकार का नाश करने का संकल्प लिया गया।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए कुछ प्रमुख स्थानों को छोड़ दिया जाए तो अन्य स्थानों पर पारंपरिक तरीके से रामलीला मंचन किया गया। ज्ञानपुर और गोपीगंज को छोड़ दिया जाए तो जिले भर में दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
गोपीगंज प्रतिनिधि के अनुसार : कानूनगोयान का विजयदशमी मेला हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही भीड़ मेला स्थल पर जुटने लगी थी। दोपहर बाद राम रावण के बीच युद्ध का प्रदर्शन हुआ। अंत में असत्य पर सत्य की जीत के रूप में रावण का वध किया गया।
ऊंज प्रतिनिधि के अनुसार: मेलों में असत्य के प्रतीक रावण का वध हुआ। तो राम का जय-जयकार किया गया। क्षेत्र के छतमी, सेमराध, सोनैचा, मोन, डगडगपुर, नवधन, कुरमैचा, बिछियां, बरईपुर आदि स्थानों पर विजय दशमी मेले का आयोजन किया गया। जहां राम-रावण युद्ध के प्रदर्शन के बाद रावण का वध किया गया।
खमरिया प्रतिनिधि के अनुसार: नगर का प्रसिद्ध विजयदशमी मेला मंगलवार को धूमधाम से संपन्न हुआ। मेले में राम रावण युद्ध का प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात रावण का वध हुआ। रावण वध के पश्चात रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान जय श्रीराम का नारा भी लगता रहा।