दीपोत्सव को लेकर उत्साह, ऐतिहासिक बनाने की लगी होड़
जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) दीपोत्सव को लेकर लोग उत्साहित हैं। गुरुवार को ज्ञानपुर ि
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही): दीपोत्सव को लेकर लोग उत्साहित हैं। गुरुवार को ज्ञानपुर विकास मंच के लोग कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। देव दीपावली पर्व को ऐतिहासिक बनाने के लिए लोगों में होड़ लगी हुई है। 51,000 दीपों से ज्ञानसरोवर भव्य स्वरूप दिया जाएगा। सीतामढ़ी के अलावा अन्य धार्मिक स्थलों पर पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। संस्था के लोगों ने इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में लोगों से पहुंचने की अपील की है।
नगर विकास मंच ज्ञानपुर के ब्रह्मजीत शुक्ल, बंशीधर गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि उत्सव को भव्यता और दिव्यता देने के लिए उतरे तो कारवां बन गया है। हर कोई इस उत्सव में शामिल होने को बेताब दिखा। बताया कि ज्ञानसरोवर को 51,000 दीपों से नहलाने की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही उन्होंने अपील की है कि हर कोई कम से कम 11-11 दीप जरूर साथ ले आए और इस उत्सव में भागीदार बने। इसी तरह गोपीगंज नगर के बाबा बड़े शिव धाम, हनुमानगढी़ मंदिर, मां दुर्गा मंदिर सदर मोहाल, गोपेश्वरनाथ, कबूतर नाथ, स्वामी मंदिर जोगिनका, तिलेशेवरनाथ आदि स्थानों पर देव दीपावली पर दीपदान किया जाएगा। बाबा बड़े शिव धाम में शिव परिवार के दीपक मोदनवाल ने बताया कि देव दीपावली पर दीपदान कर मंदिर परिसर को सजाया जाएगा। सीतामढ़ी स्थित गंगा घाट पर भी उत्सव मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई। कार्यक्रम के संयोजक बसंत लाल गौड़ ने बताया कि शाम को गंगा आरती के साथ घाट पर 21000 दीपदान किया जाएगा। इसी तरह मौनीबाबा आश्रम पर 1100 दीपदान की तैयारी है। भदोही में देव दीपावली के अवसर पर स्टेशन रोड स्थित शक्ति भूमि परिसर को 2100 दीपों से रोशन करने की योजना बनाई गई है।