सर्विसलेन का निर्माण न होने से बढ़ी दुकानदारों की परेशानी
मानसून की दस्तक के बाद एक तरफ
सर्विसलेन का निर्माण न होने से बढ़ी दुकानदारों की परेशानी
जागरण संवाददाता, भदोही : मानसून की दस्तक के बाद जलजमाव की समस्या बढ़ गई है वहीं सर्विसलेन का निर्माण अधर में है। गजिया ओवरब्रिज के दोनों ओर सर्विसलेन निर्माण कराने की योजना परवान चढ़ती नहीं दिख रही है। आधा अधूरा कार्य करने के बाद संस्था लापता हो गई जबकि दुकानों के सामने नाला बह रहा है। अब निर्माण शुरू होगा, तब निर्माण होगा की उम्मीद लगाए दुकानदारों में निराशा है। मानसून की दस्तक के बाद लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जोरदार बारिश होते ही गजिया में जल प्लावन की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। उधर आवागमन शुरू होने के बाद अफसरों ने भी ब्रिज से मुंह मोड़ लिया है। इसे लेकर लोगों में व्यापक रोष है।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने पांच अप्रैल को नवनिर्मित ब्रिज पर पैदल चलकर आवागमन का शुभारंभ करते हुए शेष कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का अल्टीमेटम दिया था। ब्रिज के दोनों ओर नाला निर्माण, सर्विसलेन, फाटक के पास चल रहे सीढ़ियों का निर्माण कार्य कराना था। निर्माण एंजेसी उ.प्र.सेतु निगम ने 15 मई तक शेष कार्य समाप्त करने का भरोसा दिलाया था लेकिन अब तक एक लेन भी तैयार नहीं हो सकी। जबकि समयावधि कब की समाप्त हो गई। दो सप्ताह पहले पश्चिमी लेन का आधा अधूरा निर्माण करने के बाद कार्यदाई संस्था लापता हो गई। इसकी खोज खबर न तो सेतु निगम के अधिकारी ले रहे हैं न ही प्रशासनिक अफसरों को चिंता है। उप्र सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर आरएस उपाध्याय का कहना है कि पेयजल के लिए जलनिगम को पाइप लाइन बिछानी है। जबकि पालिका को सीवर लाइन का काम करना है। यह दोनों काम होते ही सर्विसलेन का निर्माण करा दिया जाएगा।