ट्रक पलटने से दर्जनों श्रमिक घायल
निगाही परियोजना मे मंगलवार को खदान क्षेत्र में ट्रक पलटने से सवार दर्जनो मजदूर घायल हो गए। ट्रक पर सवार लगभग दो दर्जन लोग अपने काम पर जा रहे थे।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : निगाही परियोजना में मंगलवार को खदान क्षेत्र में ट्रक पलटने से उसमें सवार एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए। ट्रक पर सवार लगभग दो दर्जन लोग अपने काम पर जा रहे थे। जिनमें अधिकांशत: संविदा श्रमिक थे। खदान की खराब सड़क पर वाहन का ब्रेक फेल होने से वह अनियंत्रित होकर पलट गया। आनन-फानन में सभी घायलों को नेहरू चिकित्सालय ले जाया गया। घटना में कुसुम कली, विजय प्रसाद, पंचवती देवी, जरेन्दर, रामसिया यादव, मरकना प्रसाद, वेदकन्या, श्यामकली एवं परियोजना कर्मी रविप्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया। घटना की जानकारी होने पर सेफ्टी बोर्ड के सदस्य विनय कुमार सिंह समेत परियोजना के सीएचपी इंचार्ज, सेफ्टी आफिसर आदि ने चिकित्सालय पहुंच घायलों का हाल जाना।