प्रदर्शन कर आरोपितों के गिरफ्तारी की उठी मांग
मैनपुरी जिले के खरपरी माधव नगर में प्रजापति समाज के एक ही परिवार के पांच सदस्यों जलाकर मार डालने की घटना में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रजापति समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पर पहुंचे समाज के लोगों ने विरोध दर्ज कराया। मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पत्रक में कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : मैनपुरी के खरपरी, माधव नगर में प्रजापति समाज के एक ही परिवार के पांच सदस्यों जलाकर मार डालने की घटना में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रजापति समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पर पहुंचे समाज के लोगों ने विरोध दर्ज कराया। मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पत्रक में कार्रवाई की मांग की।
प्रजापति टास्क फोर्स जिलाध्यक्ष छेदीलाल प्रजापति के नेतृत्व में पहुंचे समाज के लोगों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि 17 जून को प्रजापति समाज के एक ही परिवार के पांच सदस्यों को दबंगों द्वारा जलाकर मार डाला गया। पीड़ित परिवार के बचे सदस्यों को न तो कोई आर्थिक सहायता दी गई न ही आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। अपराधी खुलेआम बेखौफ होकर घूम रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। निर्णय लिया कि घटना के विरोध में रक्षाबंधन का पर्व नहीं मनाएंगे। इस मौके पर सेवालाल प्रजापति, लालजी, मोहनलाल, अशोक कुमार व संतोष कुमार मौजूद रहे।