मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच की टीम
जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) हिमाचल प्रदेश में स्थित एक ट्रस्ट का चेक भदोही में भुनाने
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही): हिमाचल प्रदेश में स्थित एक ट्रस्ट का चेक भदोही में भुनाने के मामले में पुलिस अभी तक अंतिम निष्कर्ष तक नहीं पहुंची है। क्राइम ब्रांच की टीम मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी हुई है। जांच में जालसाजों के नाम की फेहरिस्त बढ़ती ही जा रही है। अब तक सात लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
हिमाचल प्रदेश के एक ट्रस्ट का 2.50 करोड़ का चेक एक कालीन निर्यातक के खाते में भुनाने की योजना जालसाजों ने बनाई थी। लंबा रकम होने के कारण निर्यातक पीछे हट गया। इसी बीच मामले की जानकारी पुलिस को लग गई। क्राइम ब्रांच की टीम जालसाजों की तलाश में जुट गई। सात लोगों को अलग-अलग स्थानों से उठा लिया गया लेकिन मास्टरमाइंड फरार हो गया। तीसरे दिन भी वह पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है वैसे- वैसे जालसाजों की संख्या बढ़ती जा रही है। अभी तक पुलिस पूरी तरह निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। एसपी डा. अनिल कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जालसाजों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। रैकेट बहुत लंबा है इसलिए समय लग रहा है।