सीईओ ने वीडियो कांफ्रेंसिग कर अफसरों को दिए टिप्स
लोकसभा चुनाव सकुशल संपन्न होने जाने के बाद जिला प्रशासन के सामने मतगणना चुनौती बनी हुई है। बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल.वेंकटेश्वर लू ने मतगणना की तैयारियों की समीक्षा की।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर(भदोही): लोकसभा चुनाव सकुशल संपन्न होने जाने के बाद जिला प्रशासन के सामने मतगणना चुनौती बनी हुई है। बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल.वेंकटेश्वर लू ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर मतगणना तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से गणना कार्य संपन्न कराने का टिप्स भी दिया। चेताया कि किसी भी प्रकार का पक्षपात नहीं होना चाहिए। यदि कहीं भी इसकी शिकायत मिलती है तो दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अफसरों को प्रशिक्षित करते हुए कहा कि पहले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से पांच मत वीवीपैट की पर्ची से मिलान कर लिया जाए। इसके पश्चात पोस्टल वोट को भी निर्धारित प्रारूप पर दर्ज कर स्कैन कर लिया जाए। गणना के बाद मिले मतों की जब तक फीडिग नहीं हो जाती है तब तक उसे सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। प्रत्येक चक्र के परिणामों को पहले आनलाइन फीडिग अनिवार्य होगी। इसके साथ ही तीन घंटे तक अधिकारियों को तकनीकी टिप्स दिया। कहा कि किसी भी प्रकार की शिथिलता गणना पर सवाल उठा सकता है। जिलाधिकारी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अब तक की तैयारी की जानकारी दी। बताया कि तीनों विधानसभा के लिए अलग-अलग पंडाल तैयार किया जा रहा है। आपरेटरों के साथ ही साथ गणना कार्मिकों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके साथ अन्य व्यवस्थाओं की भी तैयारी की जा चुकी है। कांफ्रेंसिग में अपर जिलाधिकारी रामसिंह वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी लालजी यादव आदि थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप