ठंड से बचें, बच्चे-बुजुर्ग नहीं करें लापरवाही
जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) कोरोना संक्रमण के दौर में ठंड से बचाव जरूरी है। बच्चे
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : कोरोना संक्रमण के दौर में ठंड से बचाव जरूरी है। बच्चे व बुजुर्गों को स्वास्थ्य खतरा अधिक है। बचाव में लापरवाही से बच्चों में निमोनिया और सर्दी-खांसी से जुड़ी अन्य बीमारियां हो सकती है। बुजुर्गों में दिल का दौरा व ब्रेन हेमरेज जैसी घातक बीमारी की भी संभावना है। खान-पान के साथ ऊनी व गर्म कपड़ों के पहनने में लापरवाही नहीं करें। नियमित दिनचर्या व संतुलित भोजन शरीर को दुरुस्त रखने को लाभकारी है। मार्निंग वाक स्वास्थ्य के लिए अति लाभकारी है। बुधवार को दैनिक जागरण के हैलो डाक्टर कार्यक्रम में जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डा. कृष्णा दुबे ने सेहत के टिप्स दिए।
-----------
सवाल : शरीर में थकावट महसूस होती है, इलाज बताएं।
जवाब : दिनचर्या सही रखें। सुबह टहलना जरूरी है। भोजन में हरी सब्जी व सलाद आदि का उपयोग जरूर करें। सब्जी लोहे की कढ़ाई में ही बनाएं। इससे शरीर को पर्याप्त मात्रा में आयरन मिलता है, अगर दिक्कत हो तो डाक्टर को दिखाकर इलाज कराएं अन्यथा दिक्कत बढ़ सकती है। सवाल : तीन माह से लगातार खांसी आ रही है, क्या करें।
जवाब : लगातार तीन माह से खांसी आना शरीर में पनप रही बीमारी का लक्षण है। अगर किसी तरह के नशे का सेवन करते हों तो तत्काल दूरी बना लें। नजदीकी अस्पताल के विशेषज्ञ डाक्टर से संपर्क कर एक्स-रे कराकर उपचार कराएं। सवाल : पेट में बाएं तरफ दर्द होता है, दिक्कत कैसे दूर होगी।
जवाब : यह गैस की समस्या हो सकती है। अपने नजदीकी किसी उदर रोग विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेकर दवा करें। सवाल : रात में सोने के बाद घबराहट होती है और नींद भी नहीं आती?
जवाब : कम उम्र के लोगों को यह दिक्कत नहीं होनी चाहिए। ऐसी परेशानी है तो हृदय रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। परामर्श लेकर उपचार जरूर कराएं। सवाल : मधुमेह की दिक्कत है। उपचार क्या है।
जवाब : खान पान के प्रति सतर्कता से ही मधुमेह पर नियंत्रण रखा जा सकता है। भोजन पर नियंत्रण, व्यायाम, कार्बोहाइड्रेट बढ़ाने वाली सामग्री न खाएं। भोजन में प्रोटीन की मात्रा कम करें। नित्य एक घंटे शारीरिक श्रम जरूर करें। इससे आपको दवा पर कम निर्भर रहना पड़ेगा। इन्होंने पूछे सवाल : मुकेश दुबे, चंद्रमणि पांडेय महजूदा, फूलचंद शर्मा अभोली, अशोक कुमार श्रीवास्तव फत्तूपुर, श्रीराम दुबे सुजानपुर, विजय लाल यादव मनीपुर इटहरा, अभिषेक पांडेय मतेथू व सुनील कुमार मौर्य निवासी कड़ोर भदोही।