सरकारी भूमि पर रखी आंबेडकर प्रतिमा, 25 पर मुकदमा
जागरण संवाददाता औराई (भदोही) क्षेत्र के उमरहा गांव में रविवार की रात भीम आर्मी और ग
जागरण संवाददाता, औराई (भदोही) : क्षेत्र के उमरहा गांव में रविवार की रात भीम आर्मी और गांव के दलित समाज के लोगों ने सरकारी भूमि पर डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाकर कब्जा कर लिया। जानकारी मिलने पर उप जिलाधिकारी आशीष मिश्र और प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की टीम को देखकर लोग नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सभी को खदेड़ दिया। मामले में 25 लोगों के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया है।
गांव में भूखंड खलिहान के खाते में दर्ज है। एक दिन पूर्व इसी भूमि पर पंचायत भवन का निर्माण कराए जाने के लिए बुनियाद खोदी जा रही थी। दलित समाज के लोगों ने इसका विरोध किया तो काम रोक दिया गया। मौका मिलते ही रात में इसी भूमि पर संविधान निर्माता की प्रतिमा रखकर कब्जा कर लिया। सोमवार को जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ एसडीएम मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख भीम आर्मी के लोग नारेबाजी करने लगे। मौके की नजाकत भांप पुलिस ने लाठी भांज दी। बड़ी संख्या में पुलिस को देख लोग धीरे से खिसक लिए। क्षेत्रीय लेखपाल राजेश वर्मा की तहरीर पर विनोद गौतम, साहब सौरभ, सदन, मदन, बाबूलाल सहित 25 के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। एसडीएम ने बताया कि खलिहान की भूमि पर कब्जा करने के आरोप में केस दर्ज कराया गया है। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराई जाएगी।