16 बूथों पर टीकाकरण उत्सव के बीच ने 699 लगवाई वैक्सीन
कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर चल रहे टीकाकरण को तेज करने के लिए शासन ने सख्त निर्देश दिया है।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर(भदोही): कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर चल रहे टीकाकरण को तेज करने के लिए शासन ने सख्त निर्देश दिया है। विशेष अभियान के तहत 16 बूथों पर टीकाकरण उत्सव के बीच 699 लोगों का टीकाकरण किया गया। चिकित्सकों का दावा है कि वैक्सीन लगवाने पर संक्रमण का कोई प्रभाव नहीं होता है। इसके साथ यदि संक्रमित हो भी गए तो इससे संक्रमण फैलता भी नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग की और से जिला अस्पताल के साथ ही साथ सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण के लिए बूथ बनाया गया है। इसके लिए अलग-अलग रोस्टर बनाया गया है। रोस्टर के हिसाब से टीकाकरण किया जाता है। शुरूआती दौर में 60 से अधिक आयु वालों का टीकाकरण किया गया। इसके पश्चात सरकार की ओर से इसे घटाकर 45 वर्ष कर दिया गया। करीब तीन लाख लोगों का टीकाकरण किया जाना है। इसके सापेक्ष अभी तक एक लाख लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। शुक्रवार को महज 16 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। इस दिन 1600 का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष महज 699 का टीकाकरण किया गया। सीएमओ डा. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि पहला डोज लगवाने के बाद अब लोग दूसरा डोज भी लगवा रहे हैं। केंद्रों पर टीकाकरण को लेकर उत्साह दिख रहा है। अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर लोग वैक्सीन लगवा रहे हैं। केंद्रों पर टीकाकरण के लिए व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।