गुजरे 16 दिन, हत्यारोपित तक नहीं पहुंची पुलिस
क्षेत्र के रामनगर में हुई विवाहिता की हत्या के मामले में 16 दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। जानकारी के बाद भी मुंबई से परिवार के लोग नहीं आए।
जागरण संवाददाता, दुर्गागंज (भदोही) : क्षेत्र के रामनगर में हुई विवाहिता की हत्या के मामले में 16 दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। जानकारी के बाद भी मुंबई से परिवार के लोग नहीं आए। साथ ही अभी तक पुलिस मोबाइल फोन भी बरामद नहीं कर सकी है।
दुर्गागंज थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी कृष्णा पांडेय की पुत्री रुचि की शादी जौनपुर जिले में हुई थी। 17 मई को अज्ञात बदमाशों ने गला रेत कर उसकी हत्या कर दी थी। धीरे-धीरे 16 दिन बीत गए लेकिन पुलिस अभी तक हत्यारोपितों तक नहीं पहुंच पाई है। हत्या के पहले प्रयुक्त मोबाइल फोन भी पुलिस अभी तक बरामद नहीं कर सकी है। गांव में विवाहिता की हत्या को लेकर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। लोगों का कहना है कि घटना की जानकारी होते हुए भी ससुराल पक्ष के लोग नहीं आए। पुलिस सूत्र बता रहे कि हत्यारोपित तक उनके हाथ पहुंच चुके हैं लेकिन अभी तक गिरफ्तारी किसी की नहीं हुई है। पुलिस की शक की सूई परिवार के ही सदस्यों के इर्द-गिर्द घूम रही है। मृतका को चाहने वाले एक युवक तक पुलिस पहुंच चुकी है लेकिन अभी तक खुलासा करने से कतरा रही है। घटना का खुलासा न होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप