पेड़ से लटकी मिली युवक की लाश
बस्ती: दुबौलिया थाना के भकरही गांव के पश्चिम सिवान में शनिवार को आशाराम 29 पुत्र राजेंद्र प्र
बस्ती: दुबौलिया थाना के भकरही गांव के पश्चिम सिवान में शनिवार को आशाराम 29 पुत्र राजेंद्र प्रसाद का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आशाराम शुक्रवार की रात खेत में रखे गेहूं के बोझ की रखवाली करने के लिए गया था।
सुबह खेत में रखी मड़ई के पीछे चिलबिल के पेड़ से एक युवक का शव लटके देख ग्रामीण उसके निकट गए। शव की पहचान आशाराम के रूप में करने के बाद घटना की जानकारी दुबौलिया पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। उसके गले में नायलॉन की रस्सी कसी थी। ग्रामीणों के अनुसार दिवंगत नशे का आदी था। इसके चलते उसकी पत्नी सुनीता देवी व दो बच्चे बेटी आकांक्षा 4, युवराज 2 के साथ मायके में रहने लगी थी। दो दिन पहले पत्नी बेटे का मुंडन कराने आई थी। उसी दिन ही वापस मायके भी लौट गई थी। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, फिर भी मौत की सही वजह जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।