भूमि विवाद में धारदार हथियार से युवक की हत्या
पांच नामजद सहित कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
जागरण संवाददाता बनकटी, बस्ती: लालगंज थानाक्षेत्र के कुढ़वा गांव में भूमि विवाद को लेकर एक पक्ष ने घर में घुसकर दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। हमलावरों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव के कल्पनाथ एवं राम नवल में बैनामे की जमीन के बंटवारे को लेकर पिछले सात वर्ष से विवाद चल रहा है। शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसकी सूचना राम नवल ने बस्ती शहर में रहने वाले अपने पुत्र रामप्रसाद को दी। रामप्रसाद बस्ती से तीन चार अज्ञात लोगों को लेकर रात में करीब साढ़े ग्यारह बजे गांव पहुंचा। पिता रामनवल, भाई इंद्रपाल एवं धनपाल के साथ वह कल्पनाथ के घर में घुस गया। घर में सोए हुए लोगों पर हमलावर टूट पड़े। इस दौरान कल्पनाथ के पुत्र रामबक्श (32) पर हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। उसके मुंह और गले पर ताबड़तोड़ वार किया। इसके बाद वह कल्पनाथ के अन्य परिजनों पर टूट पड़े। पल्टन (45), गुलाबी देवी (60), सरोजा देवी (42) व फूलचंद (40) को गंभीर रूप से घायल करने के बाद वे भाग निकले। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी लाया गया, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान रात में करीब दो बजे रामबक्श की मौत हो गई। मृतक मजदूरी के साथ-साथ शटरिग का काम करता था। उसकी शादी भी तय हो गई थी। लॉकडाउन होने की वजह से विवाह की तिथि टाल दी गई थी।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच नामजद सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।