पत्नी से विवाद के बाद युवक ने लगाई फांसी
कलवारी थानाक्षेत्र के गोसैसीपुर गांव की घटना
जागरण संवाददाता, गायघाट, बस्ती : कलवारी थानाक्षेत्र के गोसैसीपुर गांव में शनिवार की दोपहर में एक युवक ने पत्नी के किसी बात से क्षुब्ध होकर घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। सूचना पर पहुंची कलवारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव के 28 वर्षीय अजय गुप्ता उर्फ सुनील अपने छोटे भाई व मां के साथ मुंबई में मेहनत मजदूरी करते थे। लाकडाउन के दौरान अजय घर चले आए। वह गांव में ही रहकर थैली की सप्लाई दुकानों पर कर परिवार का भरण पोषण करने लगे। शनिवार को पत्नी से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हुई। इससे क्षुब्ध होकर उन्होंने कमरे में छत की कुंडी से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। घटना के दौरान पत्नी स्नान करने चली गई थी। वापस लौटने के बाद जैसे ही उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला, पति छत की कुंडी से लटका देखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना के संबंध में स्वजन से पूछताछ की। अजय अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चे छोड़ गया है।
.......
दो साल से पति पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
ग्रामीणों ने बताया कि अजय की शादी छह साल पूर्व हुई थी। करीब दो साल से पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। कई बार दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया था। शुक्रवार को अजय के ससुराल वाले आए थे, और समझा-बुझाकर वापस घर चले गए। शनिवार को दोपहर बाद उसके फांसी लगाने से हर कोई स्तब्ध था। कलवारी थानाध्यक्ष बिदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पारिवारिक कलह से युवक ने फांसी लगाकर जान दी है।