विधि विधान से पूजे गए भगवान विश्वकर्मा
सरकारी गैर सरकारी प्रतिष्ठानों पर मशीनों का हुआ पूजन
जागरण संवाददाता, बस्ती : भगवान विश्वकर्मा की जयंती गुरुवार को धूमधाम के साथ मनाई गई। सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों, प्रतिष्ठानों में विधि विधान से पूजन-अर्चन किया गया। सृष्टि के निर्माता भगवान विश्वकर्मा से सुख, समृद्धि की कामना की। उद्योग, कल-कारखानों में मशीनों, उपकरणों की साफ-सफाई हुई। पूजा के बाद जगह-जगह प्रसाद भी वितरित हुआ।
जिला कोषागार कार्यालय में मुख्य कोषाधिकारी श्री निवास त्रिपाठी ने कर्मचारियों के साथ भगवान विश्वकर्मा के चित्र के समक्ष ज्योति जलाकर पूजन-अर्चन किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज हुई। प्रसाद स्वरूप मिठाई और फल का वितरण हुआ। श्याम किशोर, आलोक कुमार श्रीवास्तव, सूरज कुमार गौतम, अंजू सिंह, सीमा त्रिपाठी, रवि गुप्त मौजूद रहे। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र प्लास्टिक कांपलेक्स, गांधीनगर बाजार, मालवीय मार्ग, पुरानी बस्ती आदि क्षेत्रों में निजी प्रतिष्ठानों पर भी पूजन-अर्चन का सिलसिला पूरे दिन चला। जिससे माहौल भक्तिमय बना रहा। भानपुर कार्यालय के अनुसार मंदिरों से लेकर कल कारखानों में पूजन-अर्चन का दौर दिनभर चला। विश्वकर्मा समाज के विभिन्न संगठनों ने अपने आराध्य सृष्टि के शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। कारीगरों ने भी श्रद्धा भाव से भगवान विश्वकर्मा को याद किया। भानपुर, रामनगर, नरखोरिया, असनहरा, दुबौली, वाल्टरगंज, सल्टौआ, भुजैनिया, जिनवां, पचमोहनी, देईपार, भिरिया, सोनहा, मानिक चंद में कारीगरी में प्रयुक्त औजारों की पूजा हुई।