नहाने गए दो किशोर घाघरा में डूबे, एक लापता
स्थानीय इंटर कालेज में था बारहवीं का छात्र
बस्ती : कलवारी थाना क्षेत्र के टांडा घाट पर रविवार की सुबह नहाने गए दो किशोर घाघरा नदी में डूब गए। काफी मशक्कत के बाद एक किशोर को गंभीर हालत में नदी से बाहर निकाल लिया गया। जबकि दूसरा लापता हो गया। घटना के बाद कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी तलाश की गई लेकिन किशोर का पता नहीं चल सका। गंभीर हालत में निकाले गए किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कलवारी मुस्तहकम गांव निवासी ओम प्रकाश अग्रहरि का पुत्र ऋषभ उ़र्फ शनि 18, अपने दोस्त अंकित पुत्र सुमंत 14 के साथ सरयू नदी के टांडा घाट पर गया। दोनों पुल के नीचे नदी में नहा रहे थे। अचानक अंकित गहरे पानी में उतर जाने से डूबने लगा। अंकित को डूबता देख साथी शनि उसे बचाने के लिए शोर मचाते हुए गहरी धारा में उतर गया। तब तक घाट पर मौजूद लोग बचाव में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से अंकित को डूबने से बचा लिया गया, लेकिन साथी शनि नदी के भंवर में डूब गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया। शनि लापता चल रहा है। कुछ देर के बाद कलवारी पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में अंकित को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार जारी है। थानाध्यक्ष कलवारी संजय शुक्ल, क्षेत्राधिकारी कलवारी अर¨वद कुमार वर्मा ने स्थानीय गोताखोर जयराम, राममूरत, भीमसेन उर्फ सोनू निषाद की मदद से तीन घंटे तक नदी में खोजबीन कराई। शनि का पता नहीं चल सका। उप जिलाधिकारी बस्ती सदर श्रीप्रकाश शुक्ल, तहसीलदार सदर अनिल कुमार रस्तोगी राजस्व कर्मियों के साथ टांडा घाट पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि विभागीय स्टीमर व गोताखोर के लिए ़फैजाबाद जिला प्रशासन से बात की गई है।
--------
तीन बहनों के बीच इकलौता भाई है शनि
ऋषभ उर्फ शनि अपने घर में तीन बहनों के बीच इकलौता भाई है। वह झिनकू लाल त्रिवेनी राम चौधरी इंटर कालेज कलवारी में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग का छात्र है। परिजनों के अनुसार शनि धार्मिक प्रवृत्ति का है। वह लंबे समय से साईकिल से रविवार को सरयू स्नान करने जाता था। शनि के सहपाठी और परिवार के लोग उसकी न मौजूदगी से काफी दुखी हैं। वहीं आस पास के ग्रामीण शनि की तलाश में जुटे हुए है।