चहुंओर बही भक्ति की बयार,गूंज रहे मां के जयकारे
सातवें दिन पूजी गईं मां कालरात्रि मंदिरों में पूजन-अर्चन
जागरण संवाददाता, बस्ती : जिले में दुर्गा पूजा की चहुंओर धूम है। इस बार कोरोना संक्रमण का असर दुर्गा पूजा समारोह पर दिख रहा है। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि विधि-विधान से पूजी गईं। शुक्रवार को पूजा पंडालों, मंदिरों और घरों में घंट-घड़ियाल की धुन सुनाई दी। भक्ति गीतों की शोर चहुंओर सुनाई दे रही है। शहर से लेकर गांव तक मां अंबे के जयकारे लग रहे हैं।
सदर ब्लाक के गौरा चौराहा पर स्थापित दुर्गा प्रतिमा आकर्षण का केंद्र है। सुबह-शाम यहां पूजा के लिए श्रद्धालु एकत्र हो रहे हैं। आयोजक ग्राम प्रधान मंझरिया नया रामवृक्ष यादव व राजेश यादव ने बताया कि कोविड-19 का ख्याल रखते हुए पूजन-अर्चन हो रहा है। शहर में शुक्रवार को कई जगहों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं। प्रहलाद कालोनी में मां की भक्ति में श्रद्धालु डूबे रहे। केंद्रीय विद्यालय के सामने स्थापित दुर्गा प्रतिमा के दर्शन के लिए लोग पहुंच रहे हैं। हर्रैया के देबया बक्स पांडेय में मां भगवती की आराधना हो रही है। हेंगापुर, महराजगंज, रुधौली में मां दुर्गा के सातवें रूप कालरात्रि की पूजा हुई। कोरोना संक्रमण के चलते अधिकतर श्रद्धालु घरों में ही पूजा कर रहे हैं।