दिनभर नहीं निकले सूरज, ठंड बरकरार
लुढ़के तापमान में फिर सिमट गई जिदगी घरों में दुबके रहे लोग
जागरण संवाददाता, बस्ती : मौसम का कहर कम नहीं हो रहा है। गलन एवं ठंड से हर कोई परेशान है। रविवार को पूरे दिन सूरज नहीं निकले। आसमान में बादल छाए रहे। लुढ़के तापमान से जिदगी फिर ठहर सी गई। लोग घरों में दुबके रहे। गलन के नाते बाहर चहल-पहल कम रही। आग, अलाव, हीटर, ब्लोअर के सहारे लोग समय काटते नजर आए। घने कोहरे में रातभर पड़ी ओस की बूंदें, दिन में छाये रहे बादल मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। सुबह-शाम घने कोहरे में धरा गुम हो जा रही है। शीतलहर में बाहर निकलने की हिम्मत लोग नहीं जुटा पा रहे हैं। रात में सड़कों पर आवागमन ठप हो जा रहा है। वाहन की लाइट में भी सामने नहीं दिख रहा है। रात दस बजे के बाद गाड़ियां हाईवे के किनारे ढाबों, होटलों पर खड़ी हो जा रही है। सुबह दस बजे तक कोहरे का असर बरकरार है। इसके घने बादलों के बीच पूरे दिन धुंध छाया हुआ है। सामान्य दिनों की तरह उनकी चहलकदमी नहीं है। रविवार को अधिकतम 17 और न्यूनतम पारा नौ डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को तापमान अधिकतम 19 और न्यूनतम पारा नौ डिग्री सेल्सियस रहा। स्वास्थ्य पर भी मौसम का प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अस्पताल में कोल्ड डायरिया एवं सर्दी, बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। शहर में जल रहा अलाव
शहर में पूरी रात अलाव का इंतजाम किया गया है। नगर पालिका की ओर से प्रमुख चौराहों, पुलिस बूथों पर शाम तक लकड़ियों की आपूर्ति कर दी जा रही है। इधर-उधर से आए जरूरतमंद यहां अलाव के सहारे रात बिता रहे हैं।