प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में ढिलाई बर्दाश्त नहीं: डीएम
पहली बार मां बनने पर सरकार महिलाओं को तीन किस्तों में पांच हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दे रही है। हर पात्रों को समय से यह लाभ मिले ऐसा प्रयास हो। इसमें ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं होगी।
बस्ती : पहली बार मां बनने पर सरकार महिलाओं को तीन किस्तों में पांच हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दे रही है। हर पात्रों को समय से यह लाभ मिले ऐसा प्रयास हो। इसमें ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं होगी।
यह बातें जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने कही। मंगलवार को किसान इंटर कालेज में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जागरूकता रैली को रवाना करने के दौरान अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। कहा कि खराब प्रगति पर खुद प्रभारी चिकित्साधिकारी ही जिम्मेदार होंगे। आठ दिसंबर तक जागरूकता अभियान चलाकर पात्रों का चयन किया जाए। महिलाओं की सेहत ठीक रहे इसके लिए शासन से यह धनराशि प्रसूताओं को दी जाती है। पात्र महिलाओं के चयन के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिला समन्वयक प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सुधीर यादव ने कहा जो ब्लाक सहयोग नहीं कर रहे उनको चिह्नित किया गया है। लक्ष्य के अनुसार जल्द ही चयनित महिलाओं को योजना का लाभ दिया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एके गुप्ता, पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा, उपजिलाधिकारी आशाराम वर्मा, तहसीलदार केशरीनंदन तिवारी मौजूद रहे।