गन्ना क्रय केंद्रों पर समस्याएं जस की तस, मुश्किलें झेल रहे किसान
अठदमा शुगर मिल द्वारा किसानों से रिजेक्ट गन्ने की खरीद तो शुरू कर दी गई है मगर गन्ना मूल्य के भुगतान में हीलाहवाली से किसान मायूस हैं। मिलों द्वारा पेराई सत्र शुरू होने पर रिजेक्ट गन्ने की तौल नहीं की जा रही थी। काफी जद्दोजहद के बाद रिजेक्ट गन्ना खरीदने का काम तो शुरू हो गया लेकिन समय से पर्चियां व भुगतान न मिलने से किसानों की परेशानियां कम नहीं हो रही हैं।
बस्ती: गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों की समस्याएं अब भी बरकरार हैं। केंद्र पर समय से न तो गन्ने की तौल हो पा रही है और न ही गन्ने को मिल तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त ट्राला और ट्रक की व्यवस्था हो पा रही है। यही नहीं अब तक क्रय केंद्रों पर किसानों को बैठने और पेयजल के लिये हैंडपंप की व्यवस्था हो पाई है। किसान समय से गन्ना मूल्य का भुगतान न होने से भी परेशान है। मंगलवार को जागरण टीम ने गन्ना क्रय केंद्रों की पड़ताल की तो तमाम खामियां सामने आईं।
गन्ना पर्ची को लेकर किसान परेशान, भुगतान में भी विलंब
अठदमा शुगर मिल द्वारा किसानों से रिजेक्ट गन्ने की खरीद तो शुरू कर दी गई है, मगर गन्ना मूल्य के भुगतान में हीलाहवाली से किसान मायूस हैं। मिलों द्वारा पेराई सत्र शुरू होने पर रिजेक्ट गन्ने की तौल नहीं की जा रही थी। काफी जद्दोजहद के बाद रिजेक्ट गन्ना खरीदने का काम तो शुरू हो गया, लेकिन समय से पर्चियां व भुगतान न मिलने से किसानों की परेशानियां कम नहीं हो रही हैं। सोनहा क्रय केंद्र पर गन्ना तौल कराने आए कोठिला गांव के अमित शर्मा ने बताया कि उनका गन्ना रिकू नाम से पड़ताल हो गया है। दूसरे किसान के नाम पर गन्ना बेंचने आएं हैं। बताया कि समय पर भुगतान न मिलने से अब कम रकबे में गन्ना की बोआई करते हैं। किसान सुनील यादव ने बताया कि गेहूं बोने की लिए पेड़ी गन्ना मुंडेरवा मिल पर बेचकर आए हैं। तौल लिपिक भृगुनाथ सिंह ने बताया कि नौ दिसंबर से अब तक 2498.50 क्विंटल गन्ना की खरीद की गई है। केंद्र पर लेबर व ट्राला की कोई समस्या नहीं है। तौल ने होने से गन्ना किसान परेशान
विकासखंड कुदरहा क्षेत्र में मुंडेरवा शुगर मिल द्वारा पाऊं में स्थापित गन्ना क्रय केंद्र पर एक माह बाद भी तैयारियां आधा अधूरी रहीं। परिसर में सिर्फ तौल कांटा लगाया गया है। परिसर में मजदूर अभी क्रय केंद्र व्यवस्थित करने में लगे हैं। इस कारण केंद्र पर गन्ना लेकर पहुंचे किसानों को तौल कराने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। परिसर में न बैठने की व्यवस्था है। और न ही पानी पीने के लिए हैंडपंप लगाए गए हैं। किसान सुबह से ही बिना खाए गन्ना लेकर केंद्र पर पहुंचे थे। केंद्र पर मौजूद किसान अबरार अहमद, मनोज कुमार, सचिन तिवारी, राम सुगन यादव, रमेश यादव, मनीष कुमार, गुरुप्रसाद ने बताया कि एक महीना बाद तौल शुरू हुआ है। लेकिन तौल को लेकर क्रय केंद्र परिसर कोई तैयारी नहीं है। गन्ना तौल कराने के लिए सुबह से इंतजार कर रहें हैं। 28 दिन बाद शुरू हुआ गन्ना क्रय केंद्र
कुदरहा विकास क्षेत्र के तुरकौलिया में मुंडेरवा सुगर मिल का स्थापित गन्ना क्रय केंद्र 28 दिन बाद मंगलवार को चालू हुआ। क्रय केंद्र पर मौजूद कांटा लिपिक चंद्र भूषण गिरी ने बताया कि सुबह से किसान गन्ना तौल की जानकारी लेने आ रहे हैं। पहले दिन 14 किसान गन्ना तौल कराने के लिए नंबर लगाए थे। जिसमें से सात किसानों का गन्ना तौला गया। शेष सात किसानों का गन्ना बुधवार को तौला जाएगा। लेबर के अभाव मे एक ही ट्रक गन्ना लोड हो पाया है। लेबर बढ़ाने के लिए प्रयास किया जा रहा है, जिससे एक दिन में तीन से चार ट्रक गन्ना लोड हो सके।