मंडी पहुंची प्रमुख सचिव, धान खरीद का लिया जायजा
पांच में से तीन क्रय केंद्रों पर मिली लक्ष्य से अधिक खरीद
जागरण संवाददाता, बस्ती : प्रमुख सचिव खाद्य एवं नोडल अफसर बीना कुमारी मीना रविवार को जनपद भ्रमण पर पहुंची। अधिकारियों के साथ उनका काफिला हाईवे पर स्थित नवीन मंडी में बने धान क्रय केंद्र पर पहुंचा। यहां उन्होंने धान खरीद का जायजा लिया। पांच केंद्रों में से तीन पर लक्ष्य से अधिक की खरीद बताई गई।
मंडी में संचालित साऊंघाट क्रय केंद्र पर 774 किसानों से 33 हजार क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 36075 क्विंटल खरीद पाई गई। बस्ती सदर ए केंद्र पर 756 किसानों से 34 हजार क्विंटल के सापेक्ष 36800 क्विंटल और सदर बी केंद्र पर 33 हजार क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 724 किसानों से 36400 क्विंटल की खरीद पाई गई। कृषि उत्पादन मंडी समिति केंद्र पर 15 हजार क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 271 किसानों से 12926 क्विंटल, भारतीय खाद्य निगम के केंद्र पर 15 हजार क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 178 किसानों से 6130 क्विंटल धान की खरीद की गई है। उन्होंने दोनों केंद्रों को भी लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
यहां से प्रमुख सचिव ने कलेक्ट्रेट पहुंच गई। निर्माणाधीन सभागार का निरीक्षण किया। जिसे मार्च 2021 तक पूरा करने का निर्देश दिया। डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि 2011 में कलेक्ट्रेट भवन निर्माण की स्वीकृति मिली थी। 2015 में पुराने भवन को ध्वस्त कर नए भवन का निर्माण शुरू कराया गया। जिलाधिकारी कार्यालय तथा कोर्ट नए भवन में संचालित हो गया है। सभागार एवं एडीएम कोर्ट का निर्माण चल रहा है। वह राजकीय इंटर कालेज में निर्माणाधीन बहुद्देशीय हाल देखने भी गईं। बताया गया इसकी लागत 4.06 करोड़ रुपये है। 1.15 करोड़ रुपये का बजट प्राप्त हो गया है। खामियां मिलने पर चेताया। निर्माणाधीन कार्य तय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। एसपी हेमराज मीणा, आरएफसी श्री प्रकाश मिश्र, डिप्टी आरएमओ गोरखनाथ तिवारी,एडीएम अभय कुमार मिश्र, एसडीएम सदर आशाराम वर्मा मौजूद रहे।
बस्ती में तीन दिन प्रवास करेंगी प्रमुख सचिव
नोडल अफसर एवं प्रमुख सचिव बीना कुमारी मीना तीन दिन के प्रवास पर बस्ती पहुंची। वह यहां सर्किट हाउस में रहकर निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगी। साथ ही विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा भी करेंगी।