ओवरफ्लो हुई नहर,कई गांवों में घुसा पानी
खेतों में पानी भरने से लाही और मक्के की खेती प्रभावित हो रही है।
जासं, हर्रैया, बस्ती : थाना क्षेत्र के तिवारीगंज बाजार के पास अचानक क्षमता से अधिक पानी छोड़ने से नहर ओवरफ्लो हो गई है। जिससे खेतों में पानी घुस गया है। आसपास के गांवों में भी नहर का पानी भर गया है।
लाही, मक्के तथा अरहर की खेती के लिए किसानों ने रात दिन एक कर खेत तैयार किया था। अचानक नहर में पानी ओवरफ्लो होकर बहने लगा। रविवार को दिन में 12 बजे खेतों में पानी भरा देख किसान चितित हो गए। उनकी मेहनत पर अचानक पानी फिर गया। शाम चार बजे तक नहर के पानी का ओवरफ्लो होना बंद नहीं हो सका था। लबदहा, लबदहिया, छपिया आदि गांवों के रास्तों तथा घरों के दरवाजों तक पानी भर गया है। लबदहा निवासी रामबहोर तिवारी, देवेंद्र तिवारी, श्रीष तिवारी ने बताया कि आए दिन नहर कटने य ओवरफ्लो होने से खेती किसानी बर्बाद हो रही है। ईंट भट्ठा मालिक राजेंद्र चौधरी ने बताया कि ईंटों की पथाई के लिए गड्ढों के सूखने का इंतजार किया जा रहा है। उपजिलाधिकारी आनंद श्रीनेत ने बताया कि जानकारी मिलने पर तत्काल सिचाई विभाग को पानी बंद करने का निर्देश दिया गया है।