कमरे में पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव
घटना से पूर्व पति से हुआ था वाद विवाद जागरण संवाददाता भानपुर बस्ती सोनहा थाना क्षेत्र के अहिरौला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध
जागरण संवाददाता भानपुर, बस्ती: सोनहा थाना क्षेत्र के अहिरौला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर ससुरालियों से पूछताछ की। वहीं मायके वालों ने दहेज के लिए बेटी को मार डालने का आरोप लगाया है।
अहिरौला गांव निवासी मृतका के पति कमलेश शर्मा की माने तो गुरुवार की शाम को उनके घर कुछ रिश्तेदार आए थे। उनकी खातिरदारी में बहन ने बेडरूम में पड़ी चद्दर को रिश्तेदारों के बैठने के लिए बिछा दिया। इस पर उनकी पत्नी सीमा शर्मा (24) नाराज हो गई। गुस्से में सीमा, ननद की बजाय पति से वाद विवाद करने लगीं। बात आगे बढ़ी तो उन्होंने कमरे में जाकर अंदर से सिटकनी बंद कर ली। एक घंटे बाद रात नौ बजे तक सीमा ने दरवाजा नहीं खोला तो परिवार के लोगों को अनहोनी की आंशका सताने लगी। आवाज देने के बाद जब अंदर से आवाज नहीं आई और न ही फाटक खुला तो पति ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे के अंदर सीमा दुपट्टे का फंदा बनाकर छत में लगे पंखे से लटक रहीं थी। परिजनों ने नीचे उतारा, मगर तब तक सीमा की सांस थम चुकी थी। सीमा की शादी 2015 में हुई थी जबकि 2018 में उसका गौना हुआ आया था। सीमा व कमलेश से आठ माह की बेटी तान्या है। सूचना पर मौके पर सीओ रुधौली शक्ति सिंह, प्रभारी निरीक्षक सोनहा राजेश कुमार मिश्र व चौकी प्रभारी असनहरा विनय सिंह पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।