यूपी में जंगलराज, जनता असुरक्षित: जितिन
इस परिस्थिति में तो असहाय और निराश्रित लोग यदि जुल्म के शिकार होते हैं तो उनकी सुनवाई कहां होगी।
बस्ती : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी जितिन प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज है। अपराधी बेलगाम हैं। आम आदमी की बात कौन कहे बीजेपी के नेता गोली से मारे जा रहे हैं। उनके परिजनों की सुनवाई नहीं हो रही है। भाजपा लोकतंत्र का गला घोंट रही है। इस सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। अपराध बढ़ते जा रहे हैं। जनता के बीच भाजपा की उल्टी गिनती अब शुरू हो गई है। हरियाणा और महाराष्ट्र का चुनाव परिणाम इसका प्रमाण है।
प्रसाद रविवार को भाजपा नेता कबीर के परिजनों से मिलने के बाद पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि बस्ती में कबीर तिवारी की हत्या के मामले में पुलिस का रवैया ठीक नहीं है। यह मामला सड़क से सदन तक गूंजेगा। कांग्रेस पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाएगी। दुखद यह है कि बीजेपी नेता कबीर की गोली मारकर सरेआम हत्या कर दी गई। पीड़ित परिवार की सुनवाई नहीं हो रही है। आखिर कहां जाए लोग। यहां का पुलिस प्रशासन निरंकुश है। दोषी कौन है यह न्यायालय में सिद्ध होगा, लेकिन पुलिस को अपना काम पारदर्शी ढंग से करना चाहिए।