पोलिग पार्टियों की रवानगी के चलते हाईवे पर लगा रहा जाम
हड़िया ओवर ब्रिज से बड़ेवन बाईपास तक रहा जाम
बस्ती: पोलिग पार्टियों की रवानगी के चलते लखनऊ-गोरखपुर हाइवे पर जाम लग गया। चुनाव ड्यूटी के लिए जैसे ही फोर्स एवं मतदान कार्मिक हाइवे के रास्ते मंडी समिति की ओर रुख किए कुछ ही देर बाद जाम की विकट समस्या खड़ी हो गई। टोल प्लाजा से लेकर हड़िया ओवर ब्रिज तक हाइवे के दोनों तरफ जाम लग गया। कार्मिक और जवान कड़ी धूप में एक से दो किमी पैदल चलकर मंडी पहुंच पाए। यहां भी दुर्गति कम नहीं। मतदान पेटिका प्राप्त करने के बाद गंतव्य के लिए खड़े बेतरतीब वाहनों को खोजने में पसीने छूट गए। कुछ मंडी परिसर में भटकते रहे। तो कुछ बगल में स्थित राजकीय पालीटेक्निक में उड़ रही धूल के गुबार से सने रहे। क्योंकि कप्तानगंज, बस्ती सदर और महादेवा विधानसभा क्षेत्र के लिए पालीटेक्निक परिसर और हर्रैया तथा रुधौली के लिए मंडी परिसर में वाहनों की व्यवस्था रही। हाईवे पर हड़िया ओवरब्रिज से लेकर बड़ेवन बाईपास तक जाम की स्थिति रही। दूसरी तरफ शहर के प्रवेश मार्गों पर भी जाम लगा रहा। आम जन को जिन्हें शहर में प्रवेश करना था अथवा शहर से बाहर जाना था उन्हें भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हर मार्ग पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। छावनी क्षेत्र में भी हाईवे पर वाहनों का रेला लगा रहा जिससे जाम की स्थिति बन गई थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप