मारपीट,तोड़फोड़ व फायरिग के मामले में चार अन्य गिरफ्तार
आठ अक्टूबर को पैकोलिया के भैरोपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुआ था जमकर संघर्ष।
जागरण संवाददाता, पैकोलिया, बस्ती : पैकोलिया थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव में वर्चस्व को लेकर हुए मारपीट, तोड़फोड़ व फायरिग के मामले में पुलिस ने चार और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके पूर्व मामले में नामजद 24 अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। इस प्रकार मामले में नामजद सभी 28 आरोपितों की गिरफ्तारी हो गई है। दोनों पक्ष के 28 लोगों पर दर्ज हुआ था मुकदमा, दो पर लगा रासुका आठ अक्टूबर को वर्चस्व को लेकर छिड़ी जंग में भैरोपुर गांव में काली प्रसाद सिंह व विवेक सिंह का पक्ष आपस में भिड़ गया था। दोनों पक्षों में न सिर्फ जमकर मारपीट हुई बल्कि कई राउंड गोलियां भी चलीं थीं। दोनों पक्षों के कुल 16 लोग घायल हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस एक पिस्टल व एक बंदूक भी बरामद किया था। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 28 लोगों के विरुद्ध दर्ज किया था। मंगलवार को मामले में वांछित चल रहे शुभम सिंह पुत्र शमशेर सिंह, सूरज सिंह पुत्र अजीत सिंह, विकास सिंह पुत्र रामराज सिंह व उदयभान सिंह पुत्र स्व. रामअजोर सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष पैकोलिया रामानंद भारती ने बताया कि इन्हे मंगलवार की सुबह 10 बजे नरसिंहपुर चौराहे पर पकड़ा गया। बताया कि इस मामले में जेल में निरुद्ध एक पक्ष के काली प्रसाद सिंह उर्फ पंडित सिंह जबकि दूसरे पक्ष के विवेक सिंह पर पुलिस ने रासुका के तहत कार्रवाई की है। फायरिंग मामले में दोनों पक्षों के सभी आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब शीघ्र ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।