हर मानव को समझना होगा अपना अधिकार
विश्व मानवाधिकार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को दी गई जानकारी
बस्ती : विश्व मानवाधिकार दिवस पर मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों को गोष्ठी के जरिये मानवाधिकार का महत्व बताया गया।
साऊंघाट के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बटेला में बच्चों ने रंगोली सजाई। पेंटिग प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। अध्यापक श्रुति त्रिपाठी ने कहा 10 दिसंबर का दिन भी कई घटनाओं के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज है। संयुक्त राष्ट्र ने ही इस दिन को मानवाधिकार दिवस घोषित किया था, जिसका उद्देश्य विश्व भर के लोगों का ध्यान मानवाधिकारों की ओर आकर्षित करना था। बच्चों को बताया गया कि अपने अधिकारों के लिए कैसे लड़ाई लड़ी जा सकती है। छात्राओं ने आजादी, समानता, विश्वास, शांति, न्याय, ईमानदारी, कानूनी न्याय, समृद्धि, आशा और गौरव विषय पर पोस्ट के जरिये जागरूक किया। प्रधानाध्यापक विजय कुमार, संध्या भारती, फहमीदा खातून मौजूद रहीं।