नहीं चल पाया प्रियंका का जादू
रैली में जुटी भीड़ वोट में कितना बदल सकी यह चुनाव परिणाम ही बता रहा है
बस्ती: कांग्रेस प्रत्याशी राजकिशोर सिंह तीसरे पायदान पर जो पहले ही चक्र से स्थान बनाए तो अंत तक जमे रहे। यह अलग बात है कि वर्ष 2014 की अपेक्षा इस बार कांग्रेस प्रत्याशी को अधिक मत मिले। वर्ष 2014 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े अंबिका सिंह को 27673 वोट मिले थे और वह चौथे स्थान पर रहे थे। वर्ष 2009 के चुनाव में कांग्रेस के बसंत चौधरी को 95235 वोट मिले थे। बसंत भी चौथे स्थान पर रहे थे। इस वर्ष 2019 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजकिशोर सिंह को 84190 वोट मिले। अंकों की गणित व गठबंधन सीट के चलते इस बार राजकिशोर तीसरे स्थान पर रहे। यह हाल तब है जब राजकिशोर के समर्थन में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने खुद चुनाव प्रचार किया था। राजकीय इंटर कालेज के मैदान में प्रियंका ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की जनसभा के अंत में अपना कार्यक्रम तय किया था और विशाल रैली की थी।