प्रकाशोत्सव पर निकाली प्रभातफेरी,गुरुद्वारे में सजा दरबार
गुरु गोविद सिंह साहब का मनाया गया 354 वां प्रकाशोत्सव गुरुद्वारे में दिनभर भजन कीर्तन की रही धूम
जागरण संवाददाता, बस्ती : सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविद सिंह का 354 वां प्रकाशोत्सव पर बुधवार को माधुर्य एवं उल्लासमय वातावरण में मनाया गया। सुबह शहर में प्रभातफेरी निकाली गई। इस दौरान गुरु के महिमा का बखान किया गया। वहीं गुरु गोविद सिंह चौक कंपनीबाग गुरुद्वारे में दिनभर भजन कीर्तन की धूम रही।
सुबह गुरुद्वारे से प्रभातफेरी निकली। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन किया। गुरुद्वारा साहब गांधीनगर में प्रसाद ग्रहण करने के बाद वापस लोग कंपनीबाग गुरुद्वारा पहुंचे। यहां कीर्तन दरबार सजाया गया। प्रसिद्ध रागी जत्था निरवैर सिंह की टीम ने भजनों की प्रस्तुति की। वाह वाह गोविद सिंह, आपै गुर चेला.. सुनाकर श्रद्धालुओं को झूमने पर विवश कर दिया। इस दौरान बोले सो निहाल, सतश्री अकाल का जयघोष हुआ। पूर्वांचल सिख वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष एवं गुरु घर के सेवक सरदार जगबीर सिंह ने कहा कि गुरु गोविद सिंह राष्ट्र की रक्षा और मानवता के कल्याण के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर देने वाले विलक्षण संत योद्धा थे। उन्होंने संगत के प्रति आभार ज्ञापित किया। अंत में गुरु के लंगर का आयोजन हुआ। एक पंगत में बैठकर लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। ज्ञानी गुरजीत सिंह ने गुरु महाराज के आगे अरदास कर सभी के मंगलजीवन की कामना की। सरदार हरि सिंह बबलू एवं माता जीत कौर के परिवार की तरफ से आगंतुकों को सिरोपा भेंट किया गया। सरदार कुलदीप सिंह, अमृत पाल सिंह सनम, शैंकी सिंह, दिलप्रीत सिंह करन, दिलजोत सिंह, दीप ज्योति सिंह, हरप्रीत सिंह, हरदीप सिंह, मनप्रीत सिंह, हरि इंद्रपाल सिंह खालसा, हरभजन सिंह, ज्ञानी प्रदीप सिंह, रविद्र सिंह रोमा, सर्वजीत सिंह शानू, त्रिलोचन सिंह, रविदर पाल सिंह मौजूद रहे।