शेखपुरा में साध्वी से दुष्कर्म के आरोपितों की बस्ती में तलाश
बिहार प्रदेश के शेखपुरा जिले के ककोलत आश्रम में रहने वाली साध्वी के साथ दीपावली के दिन हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नामजद चार आरोपितों में दो बस्ती जिले के रहने वाले हैं। पीड़िता भी बस्ती के दोनों आरोपितों के गाव की बताई जा रही है।
बस्ती : बिहार प्रदेश के शेखपुरा जिले के ककोलत आश्रम में रहने वाली साध्वी के साथ दीपावली के दिन हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नामजद चार आरोपितों में दो बस्ती जिले के रहने वाले हैं। पीड़िता भी बस्ती के दोनों आरोपितों के गाव की बताई जा रही है। आरोपितों की तलाश में बस्ती पुलिस ने मंगलवार को उनके गावों में छानबीन की।
लालगंज थाने के कुदरहा चौकी इंचार्ज योगेंद्र नाथ अपनी टीम के साथ आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए क्षेत्र के एक आश्रम पर पहुंचे। वहा दोनों आरोपितों जीवन पटेल व कमलनाथ चौधरी के बारे में पूछताछ की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस टीम एक अन्य गाव में साध्वी के घर पहुंची। साध्वी के पिता ने बताया कि जिन दो आरोपितों का नाम बताया जा रहा है, उनके बारे में उन्होंने कभी सुना ही नहीं है। रही बात बेटी की तो, दस वर्ष से अधिक हो गए, वह दोबारा घर लौटकर नही आई। न ही कभी बात ही करती है। चौकी इंचार्ज ने एक अन्य गाव में भी ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन आरोपितों के बारे में वहा भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बस्ती एसपी पंकज कुमार ने कहा कि बिहार के शेखपुरा जिले की पुलिस ने घटना को लेकर अभी तक बस्ती पुलिस से संपर्क नहीं किया है। मीडिया के जरिए घटना की जानकारी मिली है। एसओ लालगंज और चौकी प्रभारी कुदरहा को आरोपितों के बारे में छानबीन के निर्देश दिए गए हैं।