बाल विज्ञानियों ने माडल के जरिये दिखाई प्रतिभा
राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए हुआ चार समूहों का चयन
बस्ती : भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अधीन संचालित राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिलास्तरीय प्रतियोगिता मंगलवार को सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग में हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के 300 से अधिक समूहों से चयनित बच्चों ने हिस्सा लिया। बाल विज्ञानियों ने विभिन्न प्रकार के माडल प्रस्तुत किए। चार समूहों के प्रोजेक्ट प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने किया। कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से किसी भी कार्य को अधिक प्रभावी और आसान बनाया जा सकता है। बच्चे अपनी वैज्ञानिक सोच का उपयोग अपने दैनिक जीवन में भी करें। बीएसए अरुण कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट निर्माण करने से बच्चों की प्रतिभा में निखार आता है। केडीसी के प्राचार्य डा. जेपी शुक्ल ने कहा कि हमारी धार्मिक मान्यताओं में भी विज्ञान है। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक डा. सर्वेष्ट मिश्र ने आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। संचालन शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने किया।
निर्णायक मंडल में अरविद सिंह, विवेक मणि त्रिपाठी, सौरभ तुलस्यान, शबनम यादव, संदली चौधरी, वागीश पाठक शामिल रहे। चयनित प्रतिभागियों को आइपीएस बृजेश ज्योति उपाध्याय ने प्रमाण पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य नीलम सिंह, अरविद सिंह, अभिषेक गुप्त मौजूद रहे।
-------------
इनका हुआ चयन
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जूनियर वर्ग में पूर्व माध्यमिक विद्यालय ओड़वारा के छात्र जुहैब अहमद, सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग के छात्र आदित्य द्विवेदी तथा सीनियर वर्ग में जीआइसी के छात्र बृजेश यादव तथा एसवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हर्ष प्रताप सिंह का चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता 4 से 6 दिसंबर तक गोरखपुर में आयोजित होगी।