सड़क हादसों में बालक की मौत,बाइक सवार समेत तीन घायल
बभनान- गौर बभनान हर्रैया मार्ग पर हुआ हादसा
जागरण संवाददाता बभनान, बस्ती: जिले के अलग अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में एक बालक की मौत हो गई जबकि एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खुटहना गांव के विवेक सिंह का सात वर्षीय पुत्र शांतनु सिंह अपने मौसा के घर गौर थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव आया हुआ था। गुरुवार की दोपहर वह दरवाजे पर गेंद से खेल रहा था। इसी बीच गेंद सड़क के दूसरी तरफ चला गया। उसे लेने के लिए जैसे ही वह सड़क पर पहुंचा एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे ठोकर मार दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर पहुंचाया जहां डाक्टर ने गंभीर स्थिति देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय शांतनु की मौत हो गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेते हुए चालक को भी हिरासत में ले लिया।
पैकोलिया प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इमलियाधीश गांव के हरी प्रसाद मिश्र व उनके पुत्र अनूप कुमार मिश्र बभनान से हर्रैया की तरफ जा रहे थे। अभी वह इटवा स्थित विद्यालय के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार आ रही बोलेरो ने उनकी बाइक को ठोकर मार दिया। हादसे में दोनो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कुनगईया गांव में पांच वर्षीय आफताब दुकान पर सामान खरीदने जा रहा था कि सड़क पार करते समय एक बाइक की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कार की चपेट में आने से महिला गंभीर
जासं महसों, बस्ती: कोतवाली क्षेत्र के धर्मपुर गांव की 32 वर्षीय संगीता पत्नी जानकी महसों की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित कार की वाहन चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार महिला अपने दरवाजे पर बर्तन साफ कर रही थी। इसी बीच एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के बगल लगे बोर्ड को तोड़ते हुए महिला के घर से जा टकराई। जिससे उसका मकान क्षतिग्रस्त हो गया और महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। गांव के लोगों ने घायल महिला को ओपेक चिकित्सालय कैली में भर्ती कराया है। वहीं कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।