शहरी क्षेत्र में बदहाल सड़कों को लेकर मुखर होंगे व्यापारी
व्यापारियों का व्यापार अब मुख्य मार्गों पर ही नहीं बल्कि गलियों और उप मुख्य मार्गों पर भी होता है जबकि नगर पालिका रोडवेज से कंपनी बाग तक ही व्यापार स्थल मानकर चल रही है जो गलत है।
बस्ती : शहर में बदहाल हो चुकी सड़कों को लेकर व्यापारी अब मुखर होंगे। जाम नालियों, गलियों में प्रकाश व्यवस्था और सड़क की मांग को लेकर व्यापारी जल्द ही रणनीति तय करेंगे।
उप्र. आदर्श व्यापारमंडल के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि शहर में इन सभी समस्याओं के चलते व्यापार वृद्धि में बड़ी बाधा है। व्यापारियों का व्यापार अब मुख्य मार्गों पर ही नहीं बल्कि गलियों और उप मुख्य मार्गों पर भी होता है जबकि नगर पालिका रोडवेज से कंपनी बाग तक ही व्यापार स्थल मानकर चल रही है जो गलत है। शहर की अधिकांश सड़कें खराब हो चुकी हैं। शीघ्र ही नगर की बदहाल सड़कों को सूचीबद्ध कर पालिका प्रशासन और जिलाधिकारी तथा मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कहा कि करुआ बाबा चौक से नई बाजार पांडेय बाजार चौक होते हुए मेंहदावल रोड क्षतिग्रस्त है। फुटकर व थोक व्यापारियों का व्यापार स्थल है। सड़क ठीक न होने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। पचपेड़िया मार्ग से पटेल चौक तक जाने वाली सड़क भी जर्जर है। पठान टोला, राजा मैदान और नरहरिया जाने वाली सड़क भी खराब है। कहा कि स्थानीय निकाय निदेशक काजल वर्मा द्वारा 17 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्र की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का निर्देश है बावजूद इसके आदेशों का पालन नहीं किया गया।