नए साल के स्वागत में झूमे युवा, मंदिरों व पार्कों में उमड़े लोग
नूतन वर्ष 2022 के स्वागत में हर कोई दिखा उत्साहित मंदिर व चर्च में हुई प्रार्थना कटेश्वर पार्क में मेले जैसा रहा माहौल
जागरण संवाददाता, बस्ती : नववर्ष 2022 का स्वागत उल्लास व उमंग के साथ किया गया। शुक्रवार की आधी रात को जश्न जैसा माहौल रहा। साल की नई सुबह देखने के लिए हर कोई आतुर दिखा। दिन में पार्कों में लोगों की भीड़ रही।
सेंट जेम्स चर्च में सुबह 10 बजे प्रार्थना हुई। फादर रेब ईए इस्टर्लिन ने प्रार्थना कराया। चर्च को विधिवत ढंग से सजाया गया था। लोग पहुंचे और सेल्फी लेकर नए साल को यादगार बनाया। मंदिरों में सुबह से ही पूजा-पाठ का दौर चला। लोग नए साल का स्वागत करते हुए पूरे साल मंगलमय रहे, इसके लिए आराधना की। हनुमानगढ़ी, गायत्री शक्तिपीठ, भद्रेश्वरनाथ, भारीनाथ आदि मंदिरों में भीड़ रही। युवा वर्ग फिल्मी गीतों और डीजे की धुन पर झूमते रहे। हर उम्र के लोग नए साल के आगमन को लेकर उत्साहित नजर आए। कोरोना की दूसरी लहर ने पैर पसारे तो लोगों की जिंदगियों पर भारी पड़ गया। अपनी आंखों के आगे उतार-चढ़ाव देखे। अच्छे और भूले कार्यों के बीच यह वर्ष बीता। अब लोगों ने नई उम्मीदों के साथ 2022 के स्वागत को पलक पावड़े बिछा दिए थे। शुक्रवार को देररात तक ही पार्टियों को दौर चला। कहीं डीजे की धुनों पर युवा वर्ग थिरकते हुए नजर आए तो कहीं घरों में लोगों ने बच्चों के साथ पार्टी करके नए वर्ष का स्वागत किया। युवतियों ने अलग-अलग रूप में खुशी का इजहार किया। रात 12 बजे से ही इंटरनेट मीडिया पर नये साल का संदेश चलने लगा। एक-दूसरे को मैसेज भेजकर शुभकानाएं देते दिखे। आतिशबाजी भी किए। शहर के कटेश्वर पार्क में मेला जैसे नजारा दिखा। सुबह से लेकर देर शाम तक पार्क में लोग नूतन वर्ष की खुशियां साझा करते दिखे। प्रवेश द्वार और निकास द्वार पर काफी भीड़ दिखी। लोग कतार में खड़े होकर पार्क में प्रवेश किए। वहीं कोविड प्रोटोकाल का भी खूब धज्जियां उड़ी। बाजार में भी खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी रही। फूलों की दुकानों पर गुलदस्ता, फूल-माला आदि की बिक्री हुई। सर्वाधिक मांग गुलाब फूल की रही। एक-दूसरे को डायरी, पेन आदि देकर मिठाई खिलाकर और गले मिलकर शुभकामनाएं दी। सरकारी दफ्तरों से लेकर निजी दफ्तरों में पूरे दिन स्वागत व शुभकामना का दौर चलता रहा। कर्मचारी अपने अधिकारी को शुभकामनाएं दिए।