450 टीकाकरण बूथों पर लगा 17 हजार लोगों को टीका
स्कूलों में छूटे किशोर-किशोरियों को टीकाकरण के लिए किया जा रहा है प्रेरित
जागरण संवाददाता, बस्ती : जिले में कोरोना टीकाकरण का क्रम जारी है। गुरुवार को 450 टीकाकरण बूथों पर अभियान चलाया गया। कुल 47 हजार टीकाकरण किए जाने का लक्ष्य था, जिसमें 17 हजार 245 को कोरोनारोधी टीका लगाया गया।
जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, सीएचसी-पीएचसी, सब सेंटरों व गांवों में अभियान चलाकर टीकाकरण किया गया। अभियान में 1205 लोगों को बूस्टर डोज दी गई। इसमें 60 वर्ष से ऊपर बुजुर्गों समेत फ्रंट लाइन वर्कर, हेल्थ केयर वर्कर शामिल हैं। इसके अलावा स्कूलों में छूटे किशोर-किशोरियों के टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। अभियान में 4254 किशोर-किशोरियों को भी वैक्सीन लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. फखरेयार हुसैन ने बताया कि जिले में टीकाकरण का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। शहर में अर्बन हेल्थ कोआर्डिनेटर सचिन चौरसिया के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर वैक्सीनेशन कार्य हुआ। बताया कि पहली डोज लगवा चुके लोगों को द्वितीय डोज के लिए प्रेरित किया जा रहा है। महिला अस्पताल में 75 लोगों को कोविशील्ड और 100 लोगों को को-वैक्सीन लगी। यहां एएनएम ज्योति गुप्ता, सुनीता त्रिपाठी, पलक श्रीवास्तव ने वैक्सीनेशन किया। जिला अस्पताल में 59 को कोविशील्ड और 66 को को-वैक्सीन की डोज दी गई। एएनएम सरिता सिंह, विकास त्रिपाठी, सुनीता चौधरी आदि ने वैक्सीनेशन कार्य किया। अब तक जिले में 27 लाख 65 हजार 289 लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इसमें 18 व 45 प्लस और किशोर वर्ग वाले लोग शामिल है। फ्रंटलाइन वर्कर, हेल्थ केयर वर्कर और 60 साल से अधिक आयु वर्ग वाले जिनको बूस्टर डोज दी गई है वह भी शामिल हैं। एसीएमओ ने कहा कि बूस्टर डोज लगवाने वाले लोग अपने फोन से सेल्फ रजिस्ट्रेशन करके बूथ पर पहुंचे, इससे आसानी होगी। वहीं कुदरहा में राशन की दुकान पर ग्राम पंचायत अधिकारी आनंद कुमार सिंह के नेतृत्व में टीकाकरण हुआ। उन्होंने बूस्टर डोज लगवाते हुए टीकाकरण का शुभारंभ किया। कहा कि जो भी बूस्टर डोज के लिए पात्र हैं वह जल्द से जल्द टीका लगवा लें। एएनएम विनोद सिंह टीकाकरण किया।