गला दबाकर की गई थी बदरेआलम की हत्या
शनिवार की सुबह कठिनइया नदी में मिला था शव मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा
जागरण संवाददाता देईसांड़, बस्ती : लालगंज थाना क्षेत्र के पसड़ा गांव निवासी बदरे आलम की हत्या गला दबाकर की गई थी। इसका पर्दाफाश पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। पुलिस ने मामले में बदरेआलम के पिता की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मुंडेरवा थानाक्षेत्र के धुसवा गांव के पास स्थित कठिनइया नदी पर बने जमुहट पुल के नीचे शनिवार की सुबह एक युवक का शव मिला था। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था, गले में काला और सफेद रंग का गमछा कसा था। उसके दोनों पैर भी कपड़े से बंधे हुए थे। शव की हालत देख पहले ही स्पष्ट हो गया था कि युवक की हत्या करने के बाद उसे कठिनइया नदी में लाकर फेंका गया है। मृतक की पहचान उसके बड़े भाई सरवर निवासी पसड़ा थाना लालगंज ने अपने छोटे भाई बदरेआलम के रूप में की। मुंडेरवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तो मौत का कारण गला दबाना आया। बदरेआलम अविवाहित था जो आठ भाइयों में छठवें नंबर पर था। मृतक नशे का आदी बताया गया। लालगंज पुलिस ने उसका एनडीपीएस एक्ट में चालान भी किया था।
प्रभारी निरीक्षक मुंडेरवा सत्येंद्र कुंवर ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। उसकी हत्या कब, किसने, क्यों और कहां हुई, पुलिस जल्द ही पता लगा लेगी। कोर्ट के आदेश पर युवती से दुष्कर्म का मुकदमा
जागरण संवाददाता, बस्ती : कप्तानगंज पुलिस ने युवती से छेड़खानी व दुष्कर्म के आरोप में कोर्ट के आदेश पर दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर छावनी थाना क्षेत्र के रहने वाले रवि कुमार व एक अज्ञात के खिलाफ अगवाकर दुष्कर्म करने और जानमाल की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय पीड़िता ने तहरीर में बताया है कि उसके साथ छावनी थाना क्षेत्र के ही एक गांव में आरोपित रवि कुमार ने चार जून 2020 को छेड़खानी की। इसके बाद बाइक पर जबरदस्ती बैठाकर अपने साथ ले गया। एक कमरे में उसे बंद करके दुष्कर्म किया। आरोप लगाया कि है कि वह मोबाइल पर अश्लील मैसेज भी भेजता था। इसके लिए जब उसे मना किया तो उसने जान माल की धमकी दी। घटना के दौरान एक अन्य अज्ञात युवक ने उसका सहयोग किया।