विशुनपुरा में द्वारपूजा के दौरान लगी आग
टेंट उपकरण व घर के सामान जलकर राख
बस्ती:
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के विशुनपुरा में शनिवार की देर रात आई द्वार पूजा के दौरान अचानक आग लग गई। अफरातफरी के बीच लोगों ने भागकर जान बचाई। घर के सामने लगा टेंट धूं-धूं कर जल उठा। जब तक लोग कुछ समझ पाते टेंट व सजावट का सामान जलकर खाक हो गया।
आग की लपटें पास बांस की खूंटी तक जा पहुंची। इस बीच ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड व पुलिस ने घंटों प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण पटाखे की ¨चगारी बताई जा रही है। अफरा तफरी के बीच देर रात विवाह सम्पन्न हुआ।
विशुनपुरवा निवासी जगदम्बिका प्रसाद शुक्ला की बेटी की शुक्रवार रात शादी थी। बारातियों के स्वागत के लिए टेंट व सजावट का पूरा प्रबंध था। गोण्डा से बारात गांव में पहुंची। रात 11 बजे द्वार पूजा चल रही थी। इसी बीच अचानक टेंट में आग लग गई। टेंट में मौजूद लोगों ने बाहर भाग कर जान बचाई। तेजी से फैली आग ने बांस की खूंटी को भी आगोश में ले लिया। आग फैलने के डर से आस-पड़ोस के लोग अपने घरो के कीमती सामान निकाल कर सिवान की तरफ भागने लगे। पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल हो गया। शादी के लिए लगा जयमाल स्टेज सहित विवाह मंडप सबकुछ आग की भेंट चढ़ गया। शादी वाले घर के बाहर रखा सारा सामान भी जलकर खाक हो गया।