सट्टा मेले में तीन दर्जन मामलों का हुआ निस्तारण
पहले दिन किसानों ने रकबा छूटने रकबा बदलने सर्वे के दौरान गन्ने की प्रजाति को सही दर्ज करने सहित अन्य समस्याओं के बारे में अवगत कराया।
जागरण संवाददाता, टिनिच, बस्ती: गन्ना विकास समिति आमा टिनिच में पांच दिवसीय सट्टा प्रदर्शनी और मेला की शुरुआत शनिवार को हुई। पहले दिन कुल 77 मामले पंजीकृत हुए। इनमें से 36 मामलों को निस्तारण किया गया।
गन्ना आयुक्त के निर्देश के क्रम में आयोजित मेले में किसानों की गन्ने से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो सके इसके लिए किसानों को पांच दिन का समय दिया गया है। सचिव दिनेश चंद्र ने बताया कि मेले के माध्यम से किसानों की समस्याओं के तत्काल निस्तारण का प्रयास किया जा रहा है। जिन बिदुओं का समाधान नहीं हो पा रहा उसके बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। उप महाप्रबंधक गन्ना चीनी मिल बभनान आरसी राय ने किसानों को कई बिदुओं पर जानकारी दिया। उन्होंने बताया कि मेले के माध्यम से किसानों की समस्याओं का समाधान होने में साथ ही उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी मिल रही है। समिति के पूर्व उपाध्यक्ष बेनी माधव शुक्ल, गन्ना पर्यवेक्षक अश्वनी वर्धन, गणेश शुक्ल, रजवंत पांडेय, बाल गोविद, बाल मुकुंद सिंह, ओम प्रकाश सिंह, शम्भू चौधरी, जुग्गी सिंह, जटाशंकर पांडेय, कमलेश सिंह आदि मौजूद रहे।