78 गांवों के 155 पुराने प्रकरण आपसी सुलह समझौते से निपटाए
न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण निस्तारित नहीं हो पाए 12 मामले
बस्ती:आपरेशन मीडिएटर के तहत फरवरी महीने के चार दिनों में 78 राजस्व गांव के वर्षो पुराने 155 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। उक्त जानकारी जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने दी है। बताया कि 8 एवं 9 फरवरी तथा 27 एवं 28 फरवरी को राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि सभी 155 प्रकरणों में टीम ने मौके पर जाकर पैमाइश करके सुलह-समझौते के जरिए विवादों का निस्तारण कराया। शेष 12 प्रकरण न्यायालयों में विचाराधीन होने के चलते निस्तारित नही हो पाए हैं। इस अभियान में थानावार राजस्व एवं पुलिस टीम का गठन राजस्व निरीक्षक एवं पुलिस उप निरीक्षक के नेतृत्व में किया गया। यह टीम पहले से चिन्हित गांव में निर्धारित तिथि को जाकर दोनों पक्षों में आपसी सुलह-समझौते कराकर अभिलेख एवं पैमाइश के आधार पर विवादों का निस्तारण करा रही है। उन्होंने बताया आपरेशन मीडिएटर नवंबर 2019 में शुरू किया गया। इस महीने में 70 राजस्व गांव के वर्षो पुराने 102 में से 80 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। माह जनवरी में चार दिनों के अभियान में 76 राजस्व गांवों के 142 में से 127 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रारम्भ से कुल 13 दिन में 224 राजस्व गांवों में 411 प्रकरणों में से 362 प्रकरणों का निस्तारण किया गया है। शेष 49 प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण निस्तारित नही हो सके। राजस्व एवं पुलिस टीमों की इस कार्यवाही पर जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन तथा पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने बधाई दी है। कहा इस तरह का अभियान आगे भी चलाने की जरूरत है।